द्वारका के बिहार सदन में हुई लोक सेवा केन्द्र की शुरूआत।
मीमांसा डेस्क,
नई दिल्ली,
मंगलवार, 5 अक्टूबर 2021
नई दिल्ली के
द्वारका सेक्टर 19 स्थित बिहार सदन में बिहार लोक सेवाओं का अधिकार केंद्र की शुरुआत की
गई। मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव चंचल कुमार ने पटना से वीडियो कॉन्फ़्रेंसिंग के
माध्यम से लोक सेवा केंद्र का लोकार्पण किया। इस अवसर पर पटना से डॉ. प्रतिमा(आइएएस)
अपर मिशन निदेशक, बिहार प्रशासनिक सुधार मिशन सोसाइटी, सामान्य प्रशासन विभाग, बिहार
सरकार एवं दिल्ली में पलका साहनी(आइएएस), स्थानिक आयुक्त, बिहार भवन, मौजूद रहीं।
ग़ौरतलब है कि
राजधानी दिल्ली में स्थित बिहारवासी वर्ष 2012 से चाणक्यपुरी स्थित बिहार भवन लोक सेवा केंद्र
में ई.सेवाओं के माध्यम से विभिन्न सेवाओं का लाभ उठा रहे हैं। ई सेवाओं के माध्यम
से दिल्ली स्थित बिहार के लोगों ने आय प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र, समेत अन्य
महत्वपूर्ण योजनाओं का लाभ उठाया है। यहाँ मौजूद प्लॉटर मशीन की सहायता से अब तक 500
राजस्व मानचित्र निर्गत किये जा चुके हैं। सरकारी सेवाओं को नियत समय सीमा में
पारदर्शी एवं सुलभ तरीके से ऑनलाइन ई.सेवा पोर्टल के माध्यम से उपलब्ध कराने के
लिये बिहार सदन द्वारका में भी लोक सेवाओं की पहल की गई है।
गौरतलब है कि सिंगल विंडो सिस्टम के माध्यम से यहाँ मुख्यमंत्री चिकित्सा सहायता राशि के लिए आवेदन भी किये जा सकेंगे। बिहार भवन के तर्ज पर बिहार सदन, द्वारका में भी प्लॉटर मशीन की सुविधा बहाल की जाएगी। बिहार सदन लोक सेवा केंद्र में आईटी प्रबंधक और आईटी सहायक लोगों की सेवा में मौजूद रहेंगे।
इस मौके पर मुख्यमंत्री
के प्रधान सचिव चंचल कुमार ने कहा कि यह बहुत ख़ुशी की बात है कि इतने कम समय मे
बिहार सदन की लोक सेवा केंद्र की शुरुआत की गई है। बिहार भवन में सफलतापूर्वक इस
सेवा का क्रियान्वयन किया जा रहा है। अन्य किसी राज्य के मुक़ाबले दिल्ली में ऐसी
सुविधा प्रदान करने वाला बिहार भवन पहला राज्य भवन है। मुझे विश्वास है कि
बिहारवासियों को लोक सेवाओं की सुविधा का लाभ मिलेगा। इस शुरूआत को लेकर डॉ,
प्रतिमा, ने कहा कि बिहार सदन में लोक सेवा केंद्र की शुरुआत एक प्रशंसनीय क़दम है।
इससे बिहार के लोग जो दिल्ली के अलग.अलग क्षेत्रों में रहते हैं उन्हें कई आवश्यक
प्रमाणपत्र हासिल करने में आसानी होगी।
स्थानिक आयुक्त पलका साहनी ने कहा कि लोक सेवा केंद्र की बिहार भवन इकाई के द्वारा अब तक 1.5 लाख से ज़्यादा सर्टिफिकेट निर्गत किये जा चुके हैं। वहीं वर्ष 2012 से अब तक मुख्यमंत्री चिकित्सा सहायता योजना के तहत लगभग 45 करोड़ की राशि का भुगतान 5600 मरीजों को किया जा चुका है। उन्होंने आगे कहा कि भौगोलिक रूप से बिहार सदन द्वारका बहुत ही महत्वपूर्ण जगह है। मुझे उम्मीद है कि आने वाले समय में बिहार सदन का लोक सेवा केंद्र बिहारवासियों को बहुत सहूलियत प्रदान करेगा।
इस लोक सेवा
केंद्र का समय सभी कार्यदिवसों को प्रातः 10 बजे से शाम 5 बजे तक रहेगा।