ओलंपियन हॉकी खिलाड़ी सलीमा टेटे के घर लगा स्मार्ट टीवी, अब बेटी को खेलता देख पाएंगे परिजन।

 

चिन्मय दत्ता, रांचीः


टोक्यो ओलंपिक में पहली बार भारतीय महिला हॉकी टीम सेमीफइनल में पहुंची है, जिसकी खुशी पूरे देशवासियों में देखने को मिल रही है। देशवासी टोक्यो में चल रहे इस शानदार प्रदर्शन को अपने टीवी पर लाइव देख रहे हैं, वहीं  ओलंपियन हॉकी खिलाड़ी सलीमा टेटे के घर में टीवी नहीं होने के चलते घरवाले इस यादगार खेल को देख नही पा रहे थे। इसकी खबर मिलते ही ओलंपियन हॉकी खिलाड़ी सलीमा टेटे के घर सिमडेगा जिला प्रशासन ने स्मार्ट टीवी लगाया है। साथ में सलीमा को लाइव खेलते देखने के लिए सेटअप बॉक्स भी लगाया गया है। जिला खेल पदाधिकारी तुषार रॉय ने बताया कि सलीमा के घर 43 इंच का स्मार्ट 4के टीवी लगाया गया है। मालूम हो कि टीवी नहीं होने से सलीमा के परिजनों की परेशानी को मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन के संज्ञान में लाया गया था। उसके बाद मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन को अविलंब कार्रवाई का निर्देश दिया था।

 

दरअसल, भारतीय महिला हॉकी टीम में झारखंड की बेटी सलीमा टेटे भी शामिल है। टीम इंडिया द्वारा टोक्यो ओलंपिक में बेहतर खेल का प्रदर्शन करते हुए ऑस्ट्रेलियाई टीम को 1-0 से पराजित कर सेमीफाइनल तक का सफर तय किया है। सरकार के प्रयास से लगे टीवी पर सलीमा का सेमीफाइनल मैच उसके परिजनों और गांववासियों ने देखा। 

बेटी को लाइव खेलता नहीं देख पा रहे थे सलीमा व उसके गांव के लोग

झारखंड की बेटी सलीमा टेटे ने संघर्ष किया, मैदान में पसीना बहाया और ओलंपिक में भारतीय महिला हॉकी टीम में अपनी जगह बनाई। देश का प्रतिनिधित्व करते हुए मैदान में भी स्टिक से कमाल का प्रदर्शन किया, परंतु सलीमा के परिजन एवं गांववाले टोक्यो ओलंपिक में सलीमा को खेलते हुए टीवी ना होने के कारण नहीं देख पा रहे थे। मुख्यमंत्री के संज्ञान में यह बात आते ही सिमडेगा के उपायुक्त सुशांत गौरव को समस्या के समाधान का निर्देश दिया गया। उपायुक्त ने तत्काल पहल करते हुए जिला खेल पदाधिकारी तुषार रॉय को सलीमा टेटे के घर सेमी फाइनल मैच के पहले टीवी लगाने का निर्देश दिया। निर्देश पर अमल हुआ और सलीमा के परिजन एवं गांव के लोग भी सेमीफाइनल मैच टीवी पर लाइव देख पाये।

 सिमडेगा उपायुक्त सुशांत गौरव ने कहा कि सलीमा का भारतीय महिला हॉकी टीम में शामिल होना, राज्य और जिले के लिए गौरव की बात है। इससे खेल प्रेमियों को प्रेरणा मिलेगी। जिला खेल पदाधिकारी तुषार रॉय ने बताया कि भारतीय हॉकी खिलाड़ी सलीमा टेटे के घर टीवी लगाये के दौरान जिला हॉकी के सचिव मनोज कोंबेगी भी उपस्थित थे।

 

Popular posts from this blog

मुखिया बनते ही आन्ति सामाड ने पंचायत में सरकारी योजनाओं के लिये लगाया शिविर

झारखंड हमेशा से वीरों और शहीदों की भूमि रही है- हेमंत सोरेन, मुख्यमंत्री झारखंड

समय की मांग है कि जड़ से जुड़कर रहा जाय- भुमिहार महिला समाज।