भाजपा ने खिचड़ी पर चर्चा करके शुरू की विधानसभा चुनाव की तैयारी

 


   नई दिल्ली, 28 मई। भारतीय जनता पार्टी दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष मनोज तिवारी के आवास पर आज दोपहर के भोजन पर लक्ष्य 2020 की तैयारियों व रणनीति को लेकर सभी जिलाध्यक्षों, पार्टी में शामिल हुये विधायकों, पूर्व विधायकों व पदाधिकारियों की एक बैठक हुई जिसमें खिचड़ी, रायता, दही और घी के जायके के साथ विधानसभा चुनावों में जीत सुनिश्चित करने को लेकर चर्चा की गई। इस बैठक में गांधी नगर के विधायक अनिल बाजपेयी, बिजवासन के विधायक कर्नल देवेन्द्र सहरावत, पूर्व विधायक भीष्म शर्मा, अमरीश गौतम, वेद प्रकाश, जिला अध्यक्ष मनोज शौकिन,  के साथ कई अन्य मौजूद रहे।

    आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर हुई बैठक में जिला अध्यक्षों व पार्टी में शामिल हुये विधायकों को सम्बोधित करते हुये दिल्ली भाजपा अध्यक्ष मनोज तिवारी ने कहा कि दिल्ली की सत्ता में बैठी सरकार, दिल्ली को विकास के मुद्दे से भटकाना चाहती है, क्योंकि दिल्ली के लिए जो भी वादे किये गये, बीते साढ़े चार वर्ष के कार्यकाल में उनमें से एक भी पूरा नहीं किया गया। देश में मोदी दिल्ली में भाजपा तभी बनेगी बात और दिल्ली चले मोदी के साथ हमें इस नारे को दिल्ली के घर-घर तक ले जाकर लोगों के बीच जाना है और दिल्ली में नाकामपंथियों की पोल खोलना है। दिल्ली को मूलभूत सुविधाओं से वंचित कर, धर्म और जाति विशेष समुदाय को लेकर तुष्टिकरण की राजनीति करने वाली आम आदमी पार्टी की सरकार को दिल्ली की सत्ता से उखाड़ फेकनें के लक्ष्य के साथ हम सभी को मिलकर काम करना है।


     तिवारी ने कहा कि चुनाव 2020 तक अगले छह महीने हम सभी लोगों के लिए कठिन परीक्षा के रूप में होगें, हमें तैयार रहना है। लोकसभा चुनाव में जिस उर्जा के साथ हम सभी ने मिलकर फिर एक बार मोदी सरकार के लिए दिल्ली की सातों सीटों पर विजय पताका लहरायी है, ठीक उसी प्रकार हमें दिल्ली के विधानसभा चुनावों में भाजपा की पूर्ण बहुमत की मजबूत सरकार बनानी है। दिल्ली के लोग भी पूर्ण बहुमत के लिए पिछले कई चुनावों में मतदान कर रहे है और दिल्ली के उसी मूड को हमें भाजपा के पक्ष में लाना है। दिल्ली विधानसभा चुनाव हमारे लिए बहुत अहम चुनाव हैं और हमें दिल्ली के लोगों का विश्वास जीतने के लिए काम करना है। हमें प्रदूषण व जाम मुक्त दिल्ली का हाल लोगों को बताना है और दिल्ली में बढ़ते प्रदूषण पर केजरीवाल सरकार की नाकामियों और केन्द्र सरकार की प्रदूषण कम करने के लिए 46 हजार करोड़ रूपये की परियोजनाओं के बारे में बताना है।

    तिवारी ने कहा कि हम सभी को मिलकर दिल्ली की जनता को यह विश्वास दिलाना है कि केन्द्र में भाजपा सरकार होने के साथ साथ जब दिल्ली विधानसभा में भाजपा की सरकार और निगम में भाजपा की सरकार होगी तो दिल्ली के सभी काम विधिवत व सुचारू रूप से हो पायेंगे। उन्होंने लोकसभा चुनाव में दिन रात काम करने वाले जिला अध्यक्षों, पार्टी पदाधिकारियों, विधायकों, पूर्व विधायकों, निगम पार्षदों, पूर्व निगम पार्षदों, मंडल अध्यक्षों से कहा- मैं हृदय से धन्यवाद करता हूँ और यह अपील करता हूँ कि लोकसभा चुनाव तो शुरूआत थी दिल्ली विधानसभा चुनाव आगाज है जिसमें हमें दिल्ली की सातों लोकसभा सीटों की तरह दिल्ली की सभी विधानसभा की सीटों पर कमल खिलाने के लक्ष्य को लेकर काम करना है। भाजपा दिल में और भाजपा देश के दिल दिल्ली में इस नारे को लेकर विजय संकल्प का शंखनाद दिल्ली की गलियों तक पहुंचाना है।


Popular posts from this blog

मुखिया बनते ही आन्ति सामाड ने पंचायत में सरकारी योजनाओं के लिये लगाया शिविर

झारखंड हमेशा से वीरों और शहीदों की भूमि रही है- हेमंत सोरेन, मुख्यमंत्री झारखंड

समय की मांग है कि जड़ से जुड़कर रहा जाय- भुमिहार महिला समाज।